बिहार में फिल्मी सीन! जीटी रोड पर पुलिस, अचानक यूपी से आईं 10 बाइक, रोकते ही 'खाकी' पर टूटे, जानिए क्यों
कैमूर: बिहार के कैमूर जिले में माहौल एक दम फिल्मी हो गया। जीटी रोड पर बिहार पुलिस की टीम मौजूद थी। पुलिस कैमूर जिले की सीमा में दाखिल होने वाली गाड़ियों की तलाशी कर रही थी। थोड़ी देर में ही उत्तर प्रदेश से एक साथ करीब 10 बाइक आ गईं। बाइक पर करीब 20-25 लोग सवार थे। पुलिस ने बाइक सवार को रुकने का इशारा किया तो सभी बाइक सवार पुलिस पर टूट पड़े। बाइक सवार युवकों ने पथराव और गोलीबारी भी की। इसमें एक सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) का हाथ टूट गया। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की तो आरोपी बाइक सवार युवक मौके से फरार हो गए।
कैमूर के जीटी रोड पर शराब तस्करों ने किया हमला, चलाई गोलियां
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना शनिवार शाम की थी। कैमूर के जीटी रोड पर उत्पाद विभाग की टीम शराब तस्करों की धरपकड़ के लिए तैनात थी। अचानक उत्तर प्रदेश की तरफ से बाइकों पर 20-25 की संख्या में शराब तस्कर आ धमके। उन्होंने उत्पाद विभाग की टीम पर हमला बोल दिया। इस हमले में पथराव और गोलीबारी भी हुई। झड़प में उत्पाद विभाग के सहायक अवर निरीक्षक रामचंद्र प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका हाथ टूट गया। साथ ही कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें भी आईं।
पटना से कैमूर पहुंचे संयुक्त मद्य निषेध आयुक्त, घटनास्थल का किया दौरा
इस घटना की गंभीरता को देखते हुए पटना से संयुक्त मद्य निषेध आयुक्त कृष्ण कुमार रविवार को कैमूर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया और दुर्गावती थाने में जाकर पूरी जानकारी ली। उनके साथ उत्पाद अधीक्षक और उपाधीक्षक भी थे। इस मामले पर कृष्ण कुमार ने बताया कि बिहार में 2016 से शराबबंदी कानून लागू है। राज्य में शराब पीना और शराब की तस्करी करना गैरकानूनी है। उत्पाद विभाग इस कानून को लागू करने के लिए लगातार काम कर रहा है।
शराब तस्करों के हमले में ASI का हाथ टूटा, FIR दर्ज: कृष्ण कुमार
कृष्ण कुमार ने कहा कि तस्करों ने पिस्टल से पुलिस पर फायरिंग भी की थी। साथ ही पथराव और लाठी-डंडे भी चलाए थे। इस घटना में एक्साइज विभाग के सहायक अवर निरीक्षक रामचंद्र प्रसाद का हाथ टूट गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है। मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Source :- NBT
एक टिप्पणी भेजें